वाराणसी
मॉं गंगा की आरती कर भाव विभोर हुए पीएम मोदी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मॉं गंगा की आरती में हुए शामिल
रिपोर्ट – शुभम कुमार सिंह
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। जहां बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा पीएम मोदी सीधे मेहंदीगंज जनसभा स्थल पहुंचे जहां उन्होंने हजारों अन्नदाताओं को संबोधित किया और 9.3 करोड़ किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से लगभग 20 हजार करोड़ की राशि ट्रांसफर की। इसके अलावा पीएम मोदी ने ‘स्वयं सहायता समूहों’ की 30 हजार कृषि सखियों को सर्टिफिकेट से सम्मानित किया।


इसके बाद पीएम मोदी सीधे दशाश्वमेध घाट पहुंचे। जहां उन्होंने मॉं गंगा की आरती में शामिल होकर बनारस के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भाव का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया और मॉं गंगा की आरती उतारी। उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहें। अर्चको ने विधि-विधान के साथ पीएम मोदी और सीएम योगी को पूजा कराई। इस दौरान दशाश्वमेध घाट पर मौजूद काशीवासियों ने ‘हर हर महादेव’ और ‘जय गंगा मैया’ के नाम से उद्घोष करते हुए पीएम मोदी और सीएम योगी का अभिनंदन किया।


गंगा आरती के दौरान पीएम मोदी के साथ सीएम योगी और यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। दशाश्वमेध घाट पर मॉं गंगा की आरती के दौरान घाट का वातावरण संस्कृत के श्लोकों से भक्तिमय हो गया। ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो’ और ‘राधे कृष्ण राधे कृष्ण’ की भक्तिमय प्रस्तुति के साथ पीएम मोदी भी भाव विभोर हो गए। उनके चेहरे पर आध्यामिकता का भाव साफ-साफ झलक रहा था।
