गाजीपुर
मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गो तस्कर गिरफ्तार
सादात (गाजीपुर) जयदेश। थाना क्षेत्र के इटवा रामपुर तिराहे के समीप बीती रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गो तस्कर सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। वह मुकदमा संख्या 81/2026, धारा 3/5ए/5बी/08 गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सीएचसी सादात भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए उसे जिला मुख्यालय ले गई।

अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सादात अपनी टीम के साथ खिदिरगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के मामले में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव (पुत्र तिलकू यादव उर्फ तिलकधारी यादव निवासी ग्राम खिदिरगंज) मोटरसाइकिल से खिदिरगंज बाजार से रामपुर इटवा तिराहा होते हुए खानपुर की ओर जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामपुर इटवा तिराहे पर घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही अभियुक्त खेत की आड़ लेकर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में सूरज यादव के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद कर अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें थाना सादात में मुकदमा संख्या 81/2026 धारा 03/5ए/5बी/08 गोवध निवारण अधिनियम, थाना जमानिया में मुकदमा संख्या 68/2021 धारा 03/5ए/5बी/08 गोवध निवारण अधिनियम तथा मुकदमा संख्या 366/2021 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट, थाना खानपुर में मुकदमा संख्या 1026/2017 धारा 3/25 आयुध अधिनियम और थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़ में मुकदमा संख्या 145/2022 धारा 386/504/506 भादवि दर्ज है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव, उपनिरीक्षक लालबहादुर सिंह तथा उपनिरीक्षक पुनीत कुमार (चौकी प्रभारी मखदूमपुर) समेत थाना सादात की पुलिस टीम शामिल रही।
