Connect with us

बलिया

मुठभेड़ में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

बैरिया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई; एक बदमाश के पैर में लगी गोली, चोरी के वाहन और असलहा बरामद

बलिया (बैरिया)। बैरिया थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के वाहन, कृषि उपकरण, अवैध असलहा और चोरी में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता के अनुसार, रविवार भोर करीब 2:45 बजे बैरिया से बिहार जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध वाहन चोर गिरोह के सदस्य मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी हेमंत सिंह निवासी कुरैजी, थाना गड़वार के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मौके से पुलिस ने गिरोह के अन्य चार सदस्यों हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय और जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ को भी गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

चोरी के वाहनों को बिहार में बेचने की थी योजना

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे चोरी किए गए वाहनों और उपकरणों को बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक चोरी का ट्रैक्टर, एक ट्रॉली, 11 मोटरसाइकिल, दो पंपिंग सेट मोटर, एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

घायल आरोपी हेमंत सिंह के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page