बलिया
एसडीएम प्रवीण यादव ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
विधानसभा चुनाव की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
बलिया (सिकंदरपुर)। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रवीण यादव ने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने पकड़ी ग्रामसभा स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में बनाए गए मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल, बिजली, रैंप, शौचालय तथा सुरक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु और सुगम बनाने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने उपस्थित सुपरवाइजरों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान कराना ही नहीं, बल्कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान प्रतिशत बढ़ाना भी है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि चुनावी तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
