बलिया
प्राचीन काली माता मंदिर में तोड़फोड़, प्रतिमा और पिंडियां क्षतिग्रस्त
घटना से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की जांच; दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
भीमपुरा/नगरा (बलिया)। नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ी बड़ा गांव स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में शुक्रवार रात अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। उपद्रवियों ने मंदिर की मुख्य प्रतिमा और पिंडियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीण महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचीं। मंदिर की स्थिति देखकर गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
30 लाख रुपये से चल रहा है मंदिर का सुंदरीकरण
ग्रामीणों के अनुसार ताड़ी बड़ा गांव का यह प्राचीन काली माता मंदिर पूरे क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वर्तमान में जनसहयोग से लगभग 30 लाख रुपये की लागत से मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। ऐसे समय में हुई इस घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
मामले में एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त तहरीर नगरा पुलिस को सौंपते हुए घटना में शामिल अराजक तत्वों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।
