बलिया
मानसून की सुस्ती से बढ़ी किसानों की चिंता, बारिश के इंतजार में सूखे पड़े खेत
पांच दिनों में सिर्फ 10 मिमी वर्षा, धान की रोपाई और खरीफ की बुआई पर संकट
मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में अच्छी बारिश की जताई संभावना
बलिया। बैरिया विधानसभा क्षेत्र में मानसून की धीमी रफ्तार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले पांच दिनों में क्षेत्र में महज 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जिससे धान की रोपाई और खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित होने लगी है। अधिकांश खेत अब भी सूखे पड़े हैं और किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
गुरुवार को दिनभर धूप निकलने से उमस और गर्मी का असर बना रहा। लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को बादल छाने के बावजूद क्षेत्र में केवल हल्की फुहारें पड़ीं और पर्याप्त वर्षा नहीं हो सकी।
लगातार कम बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सूखे की आशंका भी जताई जाने लगी है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही अच्छी वर्षा नहीं हुई तो खेती पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और खरीफ सीजन प्रभावित हो सकता है।
सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सुशील यादव ने बताया कि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समय पर वर्षा होने से किसानों को राहत मिलेगी, जबकि बारिश में और देरी होने पर फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
