बलिया
दूध बेचकर लौट रहे दुधिया पर हमला, पत्नी और भतीजा भी घायल
लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप, मोबाइल छीनने की भी शिकायत; चार नामजद
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के टोला फतेह राय गांव में दूध बेचकर घर लौट रहे एक दुधिया पर कथित रूप से पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में उसकी पत्नी और भतीजा भी घायल हो गए। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टोला फतेह राय निवासी परमहंस यादव सुरेमनपुर से दूध बेचकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में घात लगाए बैठे पड़ोसियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी मीना देवी के साथ भी मारपीट की गई।
बताया गया कि घटना का वीडियो बना रहे परमहंस के भतीजे सुनील यादव के साथ भी मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
परमहंस यादव की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने श्रीपाल यादव, सत्येंद्र यादव, सुरेश यादव और सुरेंद्र यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्राइम इंस्पेक्टर ए.के. मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
