दुर्घटना
मवेशी से टकराकर डंपर में घुसी रोडवेज बस, कई यात्री घायल
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के समीप हाईवे पर मंगलवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में यात्रियों से भरी एसी रोडवेज बस मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में जा भिड़ी। हादसे में बस चालक सहित करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रयागराज से सिविल लाइन डिपो की वातानुकूलित बस सुबह करीब 11 बजे वाराणसी की ओर आ रही थी। जैसे ही बस रखौना गांव के पास पहुंची, अचानक सड़क पर एक मवेशी आ गया। तेज रफ्तार में चल रही बस मवेशी से टकराने के बाद संतुलन खो बैठी और सामने चल रहे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में चालक विनोद कुमार पटेल निवासी नवगवा, प्रयागराज के अलावा सिविल लाइन निवासी जितेंद्र (34), संदीप कुमार (47), हनुमानगंज निवासी अशोक सिंह (38), भेलूपुर निवासी संतोष साहनी (27), नैनी निवासी इब्राहिम अली (42), पहड़िया निवासी ममता देवी (34), कैंट निवासी पिंकी मिश्रा (25), संतोष कुमार (21), शहराराबाग, प्रयागराज निवासी विक्रम कुशवाहा (40) तथा आनंद कुमार (32) घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर पड़े मृत मवेशी और क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। उपचार के बाद यात्री दूसरी बस से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
