बलिया
मनियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3,000 लीटर अवैध लहन नष्ट
बिहार सीमा से सटे दियारा क्षेत्र में छापेमारी, शराब बनाने वाले मौके से फरार
अवैध शराब के खिलाफ अभियान से मचा हड़कंप, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सिकंदरपुर (बलिया)। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मनियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3,000 लीटर अवैध लहन मौके पर नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बिहार सीमा से लगे दियारा क्षेत्र में छापेमारी
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश चंद्र शुक्ल और क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण में मनियर पुलिस ने बिहार सीमा से सटे दियारा क्षेत्र में छापेमारी की।
थाना प्रभारी बृजेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दियारा टुकड़ा नंबर-दो से सटे बिहार बॉर्डर के आसपास सघन अभियान चलाया। तलाशी के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया करीब 3,000 लीटर लहन बरामद हुआ।
मौके पर ही नष्ट किया लहन
पुलिस ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही अवैध शराब बनाने वाले लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय यादव, धनंजय सिंह, रमेश चंद्र यादव तथा कांस्टेबल अनुराग, हरेराम, दीपक, सिकेंद्र, चंदन, अभिषेक, सचिन, हरिओम, रविप्रताप और मुकेश यादव शामिल रहे।
