मिर्ज़ापुर
मजदूर से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, थाने में दी तहरीर
गौरा गांव में काम के दौरान विवाद, पीड़ित ने आरोपी पर धक्का देकर गिराने और धमकी देने का भी लगाया आरोप
जिगना। थाना क्षेत्र के गौरा गांव में मजदूरी कर रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जातिसूचक अपशब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिगना थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काम करने के दौरान हुआ विवाद
गौरा गांव निवासी जोखन सरोज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह गांव के ही केसराज सिंह के घर मजदूरी करने गया था। वह वहां बालू-सीमेंट का मसाला तैयार कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बगल के घर से विजय सिंह पुत्र स्वर्गीय रघुराज सिंह वहां पहुंचे और उसे धक्का देकर गिरा दिया।
मारपीट और धमकी देने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि धक्का देने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग किया गया। उसने बताया कि आरोपी ने उसे काम बंद करने और मौके से चले जाने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जोखन सरोज ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
