गोरखपुर
मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बारानगर के ग्रामीणों ने माँ कालिका मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को उपजिलाधिकारी गोला को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान मंदिर के बेहद करीब होने के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त विवरण के अनुसार ग्रामीण करोड़पति सैनी, अमित, विजयंत सिंह नरेंद्र सिंह, शमशेर, गणेश समेत अन्य ने उपजिलाधिकारी अमित कुमार जायसवाल को दिए गए पत्रक में बताया कि गाँव स्थित माँ कालिका मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास, आबादी के बीच चल रही शराब की दुकान पर आए दिन नशे में धुत लोग उत्पात मचाते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों, श्रद्धालुओं व राहगीरों को असुविधा होती है और माहौल भी खराब होता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नियमों के अनुसार शराब की दुकान मंदिर से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर होनी चाहिए, जबकि संबंधित दुकान महज 10 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं व धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए उक्त शराब की दुकान को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
