Connect with us

वाराणसी

भेलूपुर में दबंग का आतंक: सब्जी कारोबारी को दी जान से मारने की धमकी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक सब्जी कारोबारी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दशमी सरायनंदन निवासी सब्जी व्यवसायी राजनाथ गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक उर्फ बाबू सेठ और उसके एक साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।पीड़ित राजनाथ गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अभिषेक उर्फ बाबू सेठ क्षेत्र का दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो आए दिन मारपीट और धमकी जैसी घटनाओं में संलिप्त रहता है। आरोप है कि वह हथियार दिखाकर लोगों में दहशत पैदा करता है, जिससे स्थानीय व्यापारी और आम लोग परेशान हैं।

तहरीर के मुताबिक, राजनाथ गुप्ता और उनका परिवार लंबे समय से सब्जी का कारोबार कर रहा है। उनके भाई भी इसी व्यवसाय से जुड़े हैं। आरोप है कि किसी बात को लेकर अभिषेक उर्फ बाबू सेठ और उसके साथी ने उन्हें धमकाते हुए जान से मारने की चेतावनी दी।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों का व्यवहार बेहद आक्रामक था, जिससे उनका परिवार सहमा हुआ है।घटना के बाद राजनाथ गुप्ता ने भेलूपुर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।इस संबंध में दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की सक्रियता के कारण व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम नागरिक निर्भय होकर अपना काम कर सकें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page