Connect with us

Uncategorized

बिजली के खंभे में उतरा करंट, चपेट में आने से गाय की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

व्यस्त सब्जी मंडी चौराहे पर हादसा, राहगीरों की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना

बारिश के मौसम में खंभों की नियमित जांच और मरम्मत कराने की उठी मांग

जौनपुर। शहर के व्यस्त सब्जी मंडी चौराहे के पास बिजली के खंभे में करंट उतरने से उसकी चपेट में आई एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने अन्य राहगीरों को समय रहते सतर्क कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है।

बारिश के बाद खंभे में उतरा करंट

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह सब्जी मंडी चौराहे पर तूफैल पान की दुकान के सामने लगे विद्युत खंभे में करंट उतर आया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक गाय खंभे के संपर्क में आ गई। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों को रोककर टाला बड़ा हादसा

हादसा होते ही आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहगीरों को खंभे के पास जाने से रोक दिया। लोगों का कहना है कि सब्जी मंडी चौराहा शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है और यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों व वाहनों की आवाजाही रहती है। समय रहते लोगों को सतर्क नहीं किया जाता तो कोई व्यक्ति भी करंट की चपेट में आ सकता था।

Advertisement

विद्युत कर्मचारियों ने तार किया अलग

शिकायत मिलने के बाद रात में अहियापुर विद्युत उपकेंद्र से पहुंचे कर्मचारियों ने खंभे से सटे बिजली के तार को अलग कर करंट की समस्या दूर की। वहीं सुबह नगर पालिका कर्मचारियों ने मृत गाय को मौके से हटवाया।

खतरनाक खंभों की नियमित जांच की मांग

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के दौरान इससे पहले भी गल्ला मंडी, सुतहटी बाजार सहित शहर के कई स्थानों पर बिजली के खंभों में करंट उतरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नागरिकों ने विद्युत विभाग से बारिश के मौसम में खंभों और तारों की नियमित जांच कराने तथा खराब उपकरणों की समय रहते मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी तरह की जनहानि न हो।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page