गाजीपुर
बाटी-मुर्गा की पार्टी के बाद हुई लापरवाही, रात में लगी आग
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज बाजार के पत्रकारपुरम मोहल्ले में बुधवार की देर रात एक छोटी-सी लापरवाही ने बड़ा हड़कंप मचा दिया। रात लगभग 12 बजे अचानक उठते धुएं और लपटों को देखकर आसपास के लोग घबरा गए। पहले तो लोगों को लगा कि कहीं आग लग गई है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि आग कहां लगी है?
देखते ही देखते लोगों के मोबाइल फोन बजने लगे और सूचना एक-दूसरे तक पहुंचने लगी। एक व्यक्ति द्वारा पत्रकारपुरम मोहल्ले में एक शख्स को फोन कर जानकारी देने के बाद कई लोग बाहर निकलकर मौके पर पहुंचकर देखा कि खाली स्थान पर सईजन की रखी सूखी लकड़ियां, पेड़ों की डालियां और घास-फूस तेज लपटों के साथ जल रही थीं।
चिंता की बात यह थी कि आग के पास ही कुछ पक्के रिहायशी मकान मौजूद थे।हालांकि राहत की बात रही कि आग उन मकानों तक नहीं पहुंच सकी। आग लगने के कारणों पर पूछताछ करने पर पता चला कि पास ही के एक दुकानदार ने देर रात अपने दोस्तों के साथ दुकान के सामने बाटी-मुर्गा बनाकर पार्टी की थी। खाना बनाने के बाद बची हुई राख को बुझा हुआ समझकर एक ने पास में रखी सूखी लकड़ियों के ढेर के पास फेंक दिया और सभी घर चले गये। लेकिन राख पूरी तरह ठंडी नहीं हुई थी। उसी में दबी चिंगारियां धीरे-धीरे सुलगती रहीं और फिर सूखी लकड़ियों व घास-फूस ने आग पकड़ ली। जिससे देखते ही देखते आग भड़क उठी। रात में ही उस दुकानदार को बुलाया गया। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि उसने राख को बुझा हुआ समझकर फेंक दिया था। अब भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने का आश्वासन भी दिया।
यह घटना बताती है कि छोटी-सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। आग से जुड़ी वस्तुओं को पूरी तरह बुझाने के बाद ही निस्तारित करना चाहिए। ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
