राज्य-राजधानी
बच्चों की आंखों की जांच को लेकर बड़ी पहल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिले डॉ. राघवेंद्र दुबे
दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों में प्राथमिक स्तर पर नियमित नेत्र जांच सुविधा की मांग, शिक्षा मंत्री से आवश्यक कार्रवाई कराने का मिला आश्वासन
नई दिल्ली। प्राथमिक स्तर के बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर जय हिंद राष्ट्रीय पत्रकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष (राजनीतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक प्रकोष्ठ) डॉ. राघवेंद्र दुबे ने दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान डॉ. दुबे ने दिल्ली के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए प्रारंभिक और नियमित नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच बच्चों की आंखों की नियमित जांच बेहद जरूरी हो गई है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार कराया जा सके।
डॉ. राघवेंद्र दुबे ने सुझाव दिया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा समय-समय पर बच्चों की आंखों की जांच कराई जाए और जरूरतमंद बच्चों को चिकित्सकीय परामर्श, उपचार तथा चश्मे की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।
इस मुद्दे पर हर्ष मल्होत्रा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद से बात करने और जल्द उचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
डॉ. दुबे ने कहा कि बच्चों की आंखों की सुरक्षा उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से भी सीधे जुड़ी हुई है। इस अवसर पर रजत चौहान भी उपस्थित रहे।
