मिर्ज़ापुर
फूलन देवी की 25वीं पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि
गोष्ठी में नेताओं ने किया याद, कहा— चंबल की बीहड़ों से संसद तक का सफर था संघर्ष और साहस की मिसाल
मिर्जापुर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को स्थानीय जिला कार्यालय स्थित लोहिया ट्रस्ट में पूर्व सांसद फूलन देवी की 25वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके जीवन और राजनीतिक योगदान को याद किया।
संघर्षपूर्ण जीवन को किया याद
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि जालौन के एक छोटे से गांव के गरीब परिवार में जन्मी फूलन देवी ने जीवन में भेदभाव, अत्याचार और उत्पीड़न का सामना किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों ने उन्हें संघर्ष का रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया और चंबल की बीहड़ों से लेकर देश की संसद तक का उनका सफर असाधारण रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव से प्रेरित होकर फूलन देवी ने राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
गरीबों और वंचितों की आवाज बनीं
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला महामंत्री आदर्श यादव ने कहा कि वर्ष 1996 और 1999 के लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर से निर्वाचित होने के बाद सांसद के रूप में फूलन देवी ने गरीबों, वंचितों, मजलूमों और उत्पीड़ितों के हितों के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 2001 को दिल्ली स्थित उनके आवास के बाहर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव, रोहित शुक्ला ‘लल्लू’, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, राजेश भारती, रामजी बिंद, झल्लू यादव, बलराम यादव, जमाल अहमद, अभय यादव, रवि सोनकर, रामजी यादव, मेवा लाल प्रजापति, रमा शंकर कोल, राम मिलन यादव, कन्हैया यादव, मनोज चौहान, अनीस खान, राकेश यादव, अभिषेक दुबे, चंदन यादव, भारत बिंद, उपेन्द्र तिवारी, जय शंकर यादव, वंदना गुप्ता, दिव्या गुप्ता, श्याम सुंदर सोनकर, अमर नाथ चक्रवाल, रामजी चौहान, रवि यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
