Connect with us

वाराणसी

फर्जी जीजा बनकर मांगे पैसे, दुकानदार हुआ ठगी का शिकार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव गांव में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने रिश्तेदार बनकर नाश्ते के दुकानदार से 18 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 और फूलपुर पुलिस से की है।

करखियाव निवासी ओपेन्द्रनाथ मौर्य की फूलपुर बाजार में नाश्ते की दुकान है। बीती रात करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को ओपेन्द्रनाथ का जीजा “गुरु मौर्य” बताते हुए कहा कि वह अस्पताल में है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है।

रिश्तेदारी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने ओपेन्द्रनाथ से अलग-अलग बारकोड पर रुपये भेजने को कहा। पीड़ित ने पहले अपने मोबाइल से 2 हजार रुपये भेजे। इसके बाद अपने परिचित निलेश पाल और गुलाब मौर्य के माध्यम से 8-8 हजार रुपये और ट्रांसफर कराए। इस तरह कुल 18 हजार रुपये ठग के खाते में पहुंच गए।

कुछ देर बाद आरोपी ने फिर 15 हजार रुपये की मांग की, जिससे पीड़ित को शक हुआ। उन्होंने अपने असली जीजा को फोन कर जानकारी ली तो पूरा मामला फर्जी निकला। ठगी का एहसास होते ही ओपेन्द्रनाथ ने तत्काल कार्रवाई की।

पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बुधवार को फूलपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर भी दी। वहीं, इस संबंध में फूलपुर थाना के साइबर उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या रिश्तेदार बनकर पैसे मांगने वाले व्यक्ति की पहले पुष्टि जरूर करें। बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान न करने की सलाह दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page