वाराणसी
नीलगाय से टकराई बाइक, युवक की मौत
वाराणसी। जिले के सेवापुरी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जंसा थाना क्षेत्र स्थित हाथी बरनी इंटर कॉलेज के पास यह दुर्घटना उस समय हुई जब बाइक चला रहा युवक अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय से टकरा गया। मृतक की पहचान हाथीडीह गांव निवासी छोटू के रूप में हुई है, जो घर पर रहकर पढ़ाई करता था।
बताया जाता है कि छोटू किसी जरूरी काम से खरगूपुर गांव गया था और देर रात वापस लौट रहा था। जैसे ही वह हाथी बरनी इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा, सामने आई नीलगाय से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाथी बाजार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
