Connect with us

गोरखपुर

नीलगाय को बचाने में बेकाबू हुई बोलेरो, तीन रिश्तेदारों की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण

गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार बोलेरो अचानक सामने आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क किनारे खड़े रोलर से जा भिड़ी। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो के परखचे उड़ गए और तीन रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दर्दनाक दुर्घटना रात करीब 11:30 बजे मझगांवा फ्लाईओवर से पहले संस्कृत पाठशाला ढरसी के पास हुई। बताया जा रहा है कि बोलेरो करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। वाहन में सवार सभी लोग कौड़ीराम क्षेत्र के हरिखोरा गांव में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। कोठा निवासी शिवम त्रिपाठी की बहन की शादी के उपलक्ष्य में ननिहाल में कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें रिश्तेदार जुटे थे। देर रात भोजन के बाद सात लोग बोलेरो से रिश्तेदारों को छोड़ने बड़हलगंज की ओर जा रहे थे। वाहन अनिल त्रिपाठी चला रहे थे। जैसे ही बोलेरो मझगांवा पुल के पास पहुंची, अचानक सामने नीलगाय आ गई।


नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बोलेरो पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क की दूसरी ओर जाकर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े रोलर से जा भिड़ी। हादसे में कोल्हुआ टाड़ा निवासी उन्नति तिवारी (18), उनके नाना विजय नारायण तिवारी (65) तथा कोठा निवासी शिवम त्रिपाठी (19) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे की सीट पर बैठे विजय नारायण तिवारी का शव वाहन में फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। घायलों में शशांक पांडेय निवासी हरिखोरा, नर्मदा देवी, साधना तिवारी और चालक अनिल त्रिपाठी शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। सूचना पर पहुंची गगहा पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Advertisement

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है। शादी वाले घर में अचानक पसरे मातम से हर कोई स्तब्ध है। ग्रामीणों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page