गाजीपुर
निर्माणाधीन मकान से दिनदहाड़े सीमेंट चोरी का प्रयास, मकान मालिक ने तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा
सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में निर्माणाधीन मकान से सीमेंट चोरी करने का मामला सामने आया है। मकान मालिक ने तीन संदिग्धों को सीमेंट की बोरियां वाहन में लादते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने पर आरोपी पुलिसकर्मी से भी उलझ गए और अभद्रता करने लगे। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तीनों को गिरफ्तार कर थाने ले आया। पुलिस ने सीमेंट लदी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, भीमापार निवासी प्रताप लाल चौरसिया जगदीशपुर स्थित अपनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे हैं। मकान की छत डलने के बाद भीषण गर्मी के चलते करीब एक महीने से निर्माण कार्य बंद था। इस दौरान निर्माण स्थल पर लगभग 118 बोरी सीमेंट रखी हुई थी।
प्रताप लाल चौरसिया ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सेंटरिंग का ठेका लेने वाला ठेकेदार बुधवार को मजदूरों के साथ सेंटरिंग खोलने पहुंचा था। मजदूर सेंटरिंग खोलने का काम कर रहे थे। इसी बीच जब प्रताप मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक वाहन में सीमेंट की बोरियां लादी जा रही हैं।

जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो आरोपियों ने कहा कि उन्हें यहां से 40 बोरी सीमेंट ले जाने के लिए कहा गया है। शक होने पर प्रताप ने अपने भाई को फोन कर जानकारी ली, लेकिन उन्होंने ऐसी कोई अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रताप ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी से भी आरोपी उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे। मामला बढ़ता देख कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया तथा सीमेंट लदी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ठेकेदार नफीस समेत दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
