Connect with us

जौनपुर

निरीक्षण में बच्चों की प्रतिभा देख गदगद हुए राज्य परियोजना सलाहकार

Published

on

Loading...
Loading...

सवालों के फटाफट जवाब देकर विद्यार्थियों ने जीती अधिकारियों की सराहना, शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया जोर

निपुण भारत मिशन के तहत डीह जहानिया और ताहिरपुर विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

सिकरारा (जौनपुर)। राज्य परियोजना के सलाहकार मुहम्मद अनस ने शुक्रवार को क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय डीह जहानिया तथा प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन करना तथा प्रदेश के सभी विद्यालयों को निपुण बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करना था।

बच्चों ने आत्मविश्वास से दिए सवालों के जवाब

प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर पहुंचने पर बच्चों ने सलाहकार का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कक्षा में पहुंचकर उन्होंने गणित, हिंदी और पर्यावरण विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने बिना किसी झिझक के फटाफट और सही उत्तर देकर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।

गतिविधि आधारित शिक्षण की हुई सराहना

बच्चों के प्रदर्शन से प्रभावित मुहम्मद अनस ने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सिकरारा क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई में काफी आगे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा कराई जा रही गतिविधि आधारित पढ़ाई का सकारात्मक परिणाम विद्यालयों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

Advertisement

कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

सलाहकार ने शिक्षकों से कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी दक्षता विकसित करना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने रोचक और प्रभावी शिक्षण पद्धति अपनाने के साथ-साथ कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, खेल सामग्री और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का भी निरीक्षण किया।

शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर

खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक अमित सिंह, एआरपी संतोष मिश्र, शिक्षिका आराधना उपाध्याय, मंजू जैसवार, गजाला बानो, नेहा जायसवाल, श्यामधर यादव, माधुरी सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page