बलिया
नाबालिग के अपहरण का वांछित आरोपी गिरफ्तार
हल्दी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
बलिया। हल्दी थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण के मामले में नामजद आरोपी सोनवानी मस्जिद-लाखपुर रोड तिराहे के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अपहरण के मामले में दर्ज था मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश कुमार पांडेय उर्फ लाला पांडेय (19 वर्ष), निवासी ग्राम कठही, थाना हल्दी, जनपद बलिया के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध हल्दी थाने में नाबालिग के अपहरण से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से वांछित चल रहा था।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
