वाराणसी
धूमधाम से मना क्रिसमस का पर्व
वाराणसी। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को लेकर सोमवार की सुबह शहर के हर एक गिरजाघरों में दो बार प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। ईसाई समुदाय के अलावा अन्य धर्म के लोगों में भी क्रिसमस को लेकर बेहद उत्साह देखने को मिला। वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित महागिरजाघर में देर रात घंटियों की आवाज़ सुनाई देने लगी, लोगों ने पवित्र ग्रंथ बाइबिल पढ़कर और सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से विश्व कल्याण और शांति के लिए प्रार्थना भी की ।गोदौलिया स्थित सेंट थॉमस चर्च, कैंटोनमेंट के लाल चर्च तथा सिगरा के सेंट पॉल चर्च समेत शहर के सभी गिरजाघरों में भव्य सजावट की गई थी । अपने अपने घरों में भी लोगों ने क्रिसमस ट्री सजा कर यीशु का जन्म उत्सव बड़े धूम-धाम से मनाया।
रंग बिरंगी झालरों से सजे गिरजाघरों में कल दोपहर से ही भीड़ आनी शुरू हो गई थी, जिसका सिलसिला देर रात तक चला। शहर के तमाम पर्यटन स्थलों पर भी खूब भीड़ उमड़ी। क्रिसमस की छुट्टी का लोगों ने खूब लुफ्त उठाया। गंगा घाटों पर भी ज्यादा रौनक देखने को मिली।
