वाराणसी
धर्म और नाम छिपाकर शादी व दुष्कर्म के आरोपी को सिगरा पुलिस ने किया गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेज तैयार कर हिंदू नाम से विवाह करने का आरोप, धर्म परिवर्तन कानून समेत कई धाराओं में कार्रवाई
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने धर्म और वास्तविक पहचान छिपाकर कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हिंदू नाम से शादी करने, धर्म परिवर्तन कराने तथा दुष्कर्म के आरोप में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान (32) पुत्र मकबूल खान, निवासी रामापुरा (लक्सा), वाराणसी के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिगरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उसने अपना धर्म और वास्तविक नाम छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए तथा हिंदू नाम का प्रयोग कर पीड़िता से विवाह किया।
पूर्व के आपराधिक मामले भी दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में सिगरा एवं लक्सा थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
