वाराणसी
देह व्यापार का भंडाफोड़, दो युवतियों सहित छह हिरासत में
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर इलाके में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कमिश्नरेट की एसओजी-2 टीम ने सन फ्लॉवर अकेडमी के समीप स्थित दीपक सिंह के मकान पर छापा मारकर मौके से दो युवतियों और चार युवकों को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को लंबे समय से उक्त मकान में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। स्थानीय लोगों को भी इस पर संदेह था, जिसके आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मकान में काफी समय से देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता रही है।
