वाराणसी
मनबढ़ों ने गाड़ी रोक महिलाओं-बच्चों को पीटा, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के नयापुरा (रूपापुर) में वाहन रोककर महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की देर रात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने महिलाओं से लूट की घटना को गलत बताया है।
मिर्जापुर जिले के पुरजागीर गांव निवासी किशन कुमार बिन्द अपनी बहन की विदाई कराने कपसेठी थाना क्षेत्र के नेवढ़िया गांव गए थे। शुक्रवार देर शाम लौटते समय नयापुरा व रूपापुर के बीच कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि नेवढ़िया निवासी करन बिन्द अपने अज्ञात साथियों के साथ बाइक (हीरो स्प्लेंडर) से पहुंचा और रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा। मारपीट में एक व्यक्ति का सिर फट गया, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित जय प्रकाश निवासी बरियारपुर, थाना कपसेठी व राजा बाबू निवासी पुरजागीर, मिर्जापुर का कहना है कि विरोध करने पर हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
भुक्तभोगियों ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ लूट की बात झूठी है।
