वाराणसी
देर से पहुंचे शिक्षक, स्कूल के बाहर इंतजार करते रहे बच्चे
वाराणसी। आराजी लाइन क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर प्रथम में सोमवार सुबह शिक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। विद्यालय खुलने का निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे था, लेकिन इसके बाद भी स्कूल का गेट बंद रहा और कोई भी शिक्षक मौके पर मौजूद नहीं था। इस दौरान कई बच्चे विद्यालय के बाहर खड़े होकर इंतजार करते रहे।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद बच्चों ने स्वयं विद्यालय का ताला खोला और अंदर प्रवेश किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल खुलने के समय कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी या शिक्षक उपस्थित नहीं था, जिससे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुछ देर बाद एक शिक्षक बाइक से विद्यालय पहुंचे। इसके बाद बच्चों को जल्दबाजी में लाइन में खड़ा कर प्रार्थना कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालयों में समय पालन को लेकर लगातार निर्देश जारी किए जाते हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार लापरवाही बरत रहे हैं।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले को ‘घोर लापरवाही’ बताया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
