Connect with us

वाराणसी

तीन मंजिला मकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार स्थित उलफत बीबी हाता में मंगलवार को एक तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

बताया गया कि यह मकान मृतक शकील अहमद का है, जिसमें उनकी पत्नी साइना सिद्दकी अपने बच्चों के साथ रहती हैं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बावजूद अग्निशमन विभाग की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने स्वयं प्रयास करते हुए घरों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तीसरी मंजिल पर होने के कारण उस पर काबू पाना आसान नहीं था और लपटें लगातार फैलती रहीं।

बाद में अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और क्षेत्रीय लोगों के संयुक्त प्रयास से लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी की इस घटना में मकान का फर्नीचर, घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

Advertisement

घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार मकान में रहने वाली साइना सिद्दकी, जो एक मदरसे में शिक्षिका हैं, उस समय जनगणना ड्यूटी पर थीं और उन्हें घटना की सूचना फोन के माध्यम से दी गई। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page