गाजीपुर
डीएम और एसपी ने सुनी जनता की शिकायतें
गाजीपुर (जयदेश)। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील कासिमाबाद के सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कासिमाबाद तहसील में कुल 98 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जनपद की सभी सात तहसीलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इस दिन कुल 380 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 56 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। तहसील सदर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 60 शिकायतें आईं, जिनमें 8 का मौके पर निस्तारण हुआ। जखनियां तहसील में 83 शिकायतों में से 7 का समाधान किया गया। सेवराई तहसील में 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 3 का निस्तारण किया गया। जमानियां तहसील में 35 मामलों में से 4 का मौके पर समाधान हुआ। सैदपुर तहसील में 23 शिकायतों में से 1 का निस्तारण किया गया, जबकि मुहम्मदाबाद तहसील में तहसीलदार की अध्यक्षता में 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 16 का मौके पर समाधान किया गया।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर जमीनी और आपसी विवादों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही तहसील के सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी समस्याओं का त्वरित समाधान कर आमजन को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
