गाजीपुर
किशोर की संदिग्ध मौत पर बवाल, हाईवे जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन
जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गाँव में 14 वर्षीय किशोर राजू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर और पेड़ों की टहनियाँ डालकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही तहसीलदार रामनारायण वर्मा और कोतवाली प्रभारी रामसजन नागर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास करते रहे, लेकिन परिजन आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।मृतक की मां ममता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद से पूरे गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

मृतक के पिता दिनेश यादव ने बताया कि राजू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उनके अनुसार, एक दिन पहले मतसा निवासी रामाशंकर यादव और जीवपुर का डिम्पल उसे किसी काम से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।

शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक प्राइवेट एम्बुलेंस से राजू का शव घर के पास छोड़कर लोग फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को पकड़ लिया। पिता का आरोप है कि राजू के गले पर निशान हैं, जिससे साफ है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
