गोरखपुर
ट्रेन से गिरकर गोरखपुर के युवक की मौत
शादी से पहले बुझ गया घर का इकलौता चिराग
गोरखपुर (कौड़ीराम)। गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर गांव में उस समय मातम पसर गया, जब गुजरात से आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक त्रिपाठी की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
अभिषेक त्रिपाठी गुजरात की एक निजी कंपनी में प्रोसेस इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। परिवार के अनुसार, वह 2 मई को भरूच स्टेशन से ट्रेन के जरिए कहीं जा रहा था। इसी दौरान पालेज स्टेशन के पास अचानक चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद काफी देर तक परिवार को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजन लगातार अभिषेक के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन दुर्घटना में मोबाइल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण फोन बंद बता रहा था। बेटे से संपर्क न होने पर परिवार की बेचैनी लगातार बढ़ती गई। बाद में एक पुलिसकर्मी ने अभिषेक के मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर अपने फोन में लगाया। उसी दौरान पिता संतोष त्रिपाठी का कॉल आया, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स। सूचना मिलने के बाद पिता तत्काल गुजरात पहुंचे।
पालेज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। जब अभिषेक का शव गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। मां बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रही, जबकि परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
बुधवार को बड़हलगंज स्थित मुक्ति पथ पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों से पिता ने अपने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक मौजूद रहे।
परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपनी मां से दिन में दो बार जरूर बात करता था। घटना वाले दिन उसका फोन न आने पर मां को अनहोनी की आशंका होने लगी थी। परिवार ने बताया कि बीते 18 अप्रैल को उसकी सगाई हुई थी और अगले वर्ष फरवरी में शादी तय थी। लेकिन शादी की खुशियां आने से पहले ही परिवार की सारी उम्मीदें एक हादसे में खत्म हो गईं।
