वाराणसी
जिलाधिकारी ने तिरंगा यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
वाराणसी। तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि 24 मई को आयोजित तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से प्रारंभ होकर मलदहिया, तेलियाबाग होते हुए संपूर्णानंद विश्वविद्यालय परिसर में सम्पन्न होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, मार्ग चिन्हांकन (मार्किंग), लोगों के बैठने की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, वीवीआईपी ठहराव, प्रवेश व निकास द्वार सहित तमाम आवश्यक व्यवस्थाओं पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आने वाले लोगों की अनुमानित संख्या का सटीक आकलन कर उसी अनुसार तैयारी सुनिश्चित की जाए।
विद्यापीठ परिसर में परीक्षा भवन व गेट संख्या चार के सामने वाले मैदान की विशेष सफाई कराये जाने तथा वीवीआईपी अतिथियों के ठहरने के लिए कस्तूरबा भवन, राज्यपाल भवन एवं गांधी अध्ययन केंद्र में समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त को कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता एवं पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। वहीं एडीएम सिटी एवं सिटी मजिस्ट्रेट को समस्त छोटी-बड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह, एसडीएम सदर, डीआईओएस, बीएसए सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
