बलिया
जातिवादी राजनीति समाप्त कर सभी को मिले समान अधिकार : चंद्र भूषण पांडेय
नैतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ‘जाति न्याय अभियान’ के तहत बलिया में की पत्रकार वार्ता
बलिया। नैतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र भूषण पांडेय ने ‘जाति न्याय अभियान’ के तहत रविवार को बलिया पहुंचकर सार्वजनिक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि देश को जातिगत राजनीति के बजाय हर नागरिक के लिए सम्मानजनक जीवन, समान अधिकार और जन-जन के उत्थान की आवश्यकता है। उन्होंने जाति आधारित राजनीतिक व्यवस्था को समाप्त कर समान अवसर उपलब्ध कराने की वकालत की।
राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बांटने का आरोप
चंद्र भूषण पांडेय ने कहा कि आजादी के बाद से विभिन्न राजनीतिक दलों ने सत्ता की राजनीति के लिए सामाजिक न्याय के नाम पर समाज को अगड़े, पिछड़े और दलित वर्गों में बांट दिया। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक एकता प्रभावित हुई है और जातिगत विभाजन की राजनीति को बढ़ावा मिला है।
आरक्षण व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
उन्होंने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग के लिए 27 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए 22 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। उनका दावा है कि इसका लाभ समाज के सीमित वर्ग तक ही पहुंच पा रहा है, जबकि वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोग अभी भी इससे वंचित हैं। उन्होंने व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
आर्थिक आधार पर सहायता की वकालत
नैतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी जातिवादी व्यवस्था को समाप्त कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून और समान अधिकार की पक्षधर है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर उनका हक दिलाने की बात कही। उन्होंने बताया कि पार्टी की नीतियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘हर घर जाति न्याय अभियान’ चलाया जा रहा है।
पत्रकारों से सहयोग की अपील
चंद्र भूषण पांडेय ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता और कमजोर वर्गों के अधिकारों को लेकर व्यापक जनजागरूकता जरूरी है। पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मन्नू यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
