वाराणसी
जर्जर सड़क और जलजमाव से फैक्ट्री बंद, मजदूरों का प्रदर्शन
करखियाव एग्रो पार्क में दो दिन से ठप है काम, यूपीएसआईडीसी कार्यालय पर की नारेबाजी
सड़क नहीं सुधरी तो तालाबंदी की चेतावनी, अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुए मजदूर
पिंडरा (वाराणसी)। करखियाव स्थित एग्रो पार्क परिसर की लेन नंबर 6 और 7 की जर्जर सड़क व जलजमाव से नाराज सैकड़ों मजदूरों और कर्मचारियों ने सोमवार को यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल सड़क की मरम्मत और जलजमाव दूर कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर मजदूर शांत हुए।
सीवर लाइन ध्वस्त होने से सड़क बनी तालाब
बताया गया कि लेन नंबर 6 और 7 की सीवर लाइन ध्वस्त होने के कारण बारिश के दौरान लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। पानी भरने से सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है और कई स्थानों पर सड़क धंस भी गई है। इस लेन में करीब आधा दर्जन फैक्ट्रियां संचालित होती हैं, जहां एक हजार से अधिक मजदूर रोजाना काम करने पहुंचते हैं।
रास्ता बंद होने से फैक्ट्री का उत्पादन प्रभावित
पिछले दो दिनों से अत्यधिक जलजमाव और सड़क धंसने के कारण कर्मचारी और मजदूर फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रास्ता खराब होने और कच्चा माल नहीं पहुंचने से शीतल पेय व बोतलबंद पानी बनाने वाली नेचर फ्रेश कंपनी भी बंद हो गई है। इससे नाराज सैकड़ों कर्मचारी यूपीएसआईडीसी कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की।
मजदूरों रवि, दिनेश और सुमित ने बताया कि खराब सड़क के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। महिला मजदूरों को भी फैक्ट्री पहुंचने में परेशानी हो रही है। उनका कहना था कि सड़क करीब दो वर्षों से बदहाल है। काम नहीं मिलने से मजदूरी भी प्रभावित हो रही है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अन्य फैक्ट्रियां भी बंद होने के कगार पर पहुंच सकती हैं।
दो साल से शिकायत, नहीं हुआ समाधान
फैक्ट्री संचालक राजेश अग्रवाल, राय अक्षय कुमार और कौस्तुभ अग्रवाल ने बताया कि सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर पिछले दो वर्षों से यूपीएसआईडीसी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की जा रही है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और अब स्थिति ऐसी हो गई है कि फैक्ट्री बंद करनी पड़ी।
इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक एसएम पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
