गाजीपुर
जमानियां स्टेशन बाईपास पर मिला बुजुर्ग का शव
गाजीपुर। जमानियां स्टेशन बाईपास पर स्थित काली माता मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव लल्लन वर्मा की बाउंड्रीवाल के पीछे मिला, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोग जुट गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली, तो मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान चन्द्रदीप शाह (72 वर्ष) पुत्र घूरबिगन शाह निवासी करौदी, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई।

प्राथमिक जांच में शव पर किसी भी गंभीर चोट का निशान नहीं मिला है। आशंका है कि बुजुर्ग की मौत प्राकृतिक कारणों या बीमारी की वजह से हुई होगी। हालांकि, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।


आसपास के लोगों का कहना है कि उन्होंने मृतक को पहले कभी इस क्षेत्र में नहीं देखा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
