पूर्वांचल
चंदौली : नवनियुक्त एसपी ने लिया चार्ज, अपराध और जनसमस्या का बताया मास्टर प्लान
रिपोर्ट – गणपत राय
चंदौली जिले के नवनियुक्त एसपी आदित्य लांग्घे ने बुधवार को चंदौली स्थित पुलिस अधीक्षक के कैंप कार्यालय पर पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। चार्ज लेने के दौरान उन्होंने कहा कि, “चंदौली जिले को अपराध मुक्त करना और जनसमस्याओं का तत्काल निस्तारण करना उनकी प्राथमिकता में होगा।”
उत्तर प्रदेश सरकार में चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार को प्रतापगढ़ भेजने के बाद आगरा रेलवे में एसपी के पद पर तैनात आदित्य लांग्घे को चंदौली जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है।

बता दें कि, चंदौली के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे जम्मू-कश्मीर राज्य के जम्मू के मूल निवासी हैं। 3 दिसंबर 1990 के जन्मे आदित्य लांग्हे ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वे 2016 बैच के आईपीएस हैं और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह 2020 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। आदित्य लांग्हे इससे पहले रेलवे के पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। उन्हें 15 दिसंबर 2021 को बनारस के वरुणा डीसीपी का चार्ज दिया गया था।
इसके बाद 2022 में पहली बार अमरोहा में एसपी बनाकर भेजा गया। अमरोहा के बाद उन्होंने आगरा के एसपी के तौर पर कार्यभार संभाला। 35 वर्ष के युवा पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे अपनी कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। रेलवे और आगरा में पोस्टिंग के दौरान उन्होंने काफी बड़े खुलासे और कार्रवाई की है। चंदौली में गो हत्या, गो तस्करी, शराब तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण दायित्व होगा।
