पूर्वांचल
चंदौली के न्यायिक और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने किया वाराणसी जिला जेल का औचक निरीक्षण
बंदियों की मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश
रिपोर्ट – गणपत राय
वाराणसी/चंदौली। जिला जज चंदौली सुनील कुमार, सीजीएम चंदौली दीपक कुमार मिश्र के साथ डीएम चंदौली निखिल टी. फुंडे और नवनियुक्त एसपी आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को जिला कारागार, वाराणसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार अधीक्षक (जेलर) से मिलकर जिले के बंद कैदियों के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों ने जेल में पहुँचकर बैरकों की जांच और बंद कैदियों को मिल रही सुविधाओं के बाबत पूछताछ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। वहीं अधिकारियों ने पाकशाला, लाइब्रेरी व चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं और व्यवस्था हाल को देखा। इस दौरान अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता को परखा और संतोष जताया।

नवनियुक्त एसपी आदित्य लांग्हे ने निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को निर्देशित देते हुए कहा कि, जेल में मोबाइल का प्रयोग किसी भी दशा में न होने पाए। इस पर विशेष तौर से नजर रखें। इसके साथ ही बन्दियों से मिलने आने वालों का भी रिकॉर्ड रखा जाए।
इस दौरान जिला जज सुनील कुमार चतुर्थ ने कहा कि बंदियों के भी अपने अधिकार होते हैं। ऐसे में उन्हें मूलभूत सुविधाएं और साफ-सफाई प्रदान करना हमारी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है।

चंदौली के डीएम निखिल टी. फुंडे ने बताया कि, निरीक्षण के दौरान जेल में कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। सब कुछ सामान्य ही रहा। इस दौरान जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बंदियों के लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराया जाना प्रमुख है।

जिला जेल के निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी सहित जिला जेल के मुख्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
