बलिया
घर में चोरी का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार
परिजनों ने रंगे हाथों दबोचा, पुलिस ने 1,600 रुपये बरामद कर भेजा जेल
फेफना पुलिस की कार्रवाई, बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
फेफना (बलिया)। थाना फेफना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी का प्रयास करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 1,600 रुपये बरामद किए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
खटखटाहट की आवाज से खुली नींद
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:30 बजे घर में खटखटाहट की आवाज सुनकर पीड़ित परिवार की नींद खुल गई। घर का सामान बिखरा देख परिजन पुत्री के कमरे की ओर पहुंचे, जहां “चोर-चोर” की आवाज सुनाई दी। इस दौरान खिड़की के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे युवक को परिजनों ने मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी में मिली चोरी की रकम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। उसके पास से चोरी के 1,600 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान अमित कुमार भारती, पुत्र सुभाष भारती, निवासी ग्राम मिड्ढा, थाना फेफना के रूप में हुई।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवम कुमार वर्मा ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।
