बलिया
गोवध निवारण अधिनियम का वांछित आरोपी गिरफ्तार
26 गोवंश बरामदगी मामले में कार्रवाई
एसओजी और फेफना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वांछित मुन्ना प्रसाद दबोचा गया, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
बलिया। फेफना थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को एसओजी और फेफना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छह संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान 26 गोवंश (17 गाय एवं 9 बछड़े/बछिया) बरामद किए थे। गोवंशों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक वाहनों में लादा गया था। इस संबंध में थाना फेफना में मुकदमा संख्या 104/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त मुन्ना प्रसाद पुत्र स्वर्गीय फागू लाल राजभर, निवासी बड़की बौली, थाना रसड़ा, जनपद बलिया को गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर थम्मनपुरा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फेफना पुलिस का कहना है कि जनपद में गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
