Connect with us

बलिया

हरिशंकर प्रसाद विधि महाविद्यालय में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत पौधारोपण

Published

on

Loading...
Loading...

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लगाए छायादार व फलदार पौधे

प्रो. डॉ. धर्मात्मा नंद गुप्ता बोले— आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने का सबसे प्रभावी माध्यम है वृक्षारोपण

चितबड़ागांव (बलिया)। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरिशंकर प्रसाद विधि महाविद्यालय, चितबड़ागांव में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के संस्थापक प्रबंधक प्रो. (डॉ.) धर्मात्मा नंद गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह महायज्ञ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, चितबड़ागांव के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक शक्ति कुमार तथा महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारानंद गुप्ता ने भी पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

Advertisement

कार्यक्रम का संचालन जमुना राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के उप-प्राचार्य डॉ. विपिन कुमार गुप्ता तथा विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद शौकत खान ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह यादव, अभय कुमार श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page