वाराणसी
गहरे कुएं में गिरी महिला, दो घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाला गया बाहर
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में सोमवार रात घर के बाहर काम कर रही एक महिला अचानक संतुलन बिगड़ने से 80 फीट गहरे कुएं में गिर गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद महिला को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार खालिसपुर गांव निवासी बालेश्वरी देवी (58) पत्नी छेदी बनवासी सोमवार रात अपने घर के बाहर काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह घर के बाहर स्थित करीब 80 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं। कुएं में गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला के पति की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया। टीम ने पहले कुएं में बाल्टी के जरिए दीपक जलाकर जहरीली गैस की जांच की। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे श्रीलोचन नामक युवक को कुएं में उतारा गया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से उसे ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
