बलिया
गमछे के फंदे से लटका मिला युवक का शव
बिल्थरारोड में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई घटना, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बिल्थरारोड (बलिया)। नगर के वार्ड नंबर-11 स्थित इमिलिया मार्ग पर गुरुवार सुबह एक 26 वर्षीय युवक का शव कमरे में गमछे के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बादल खरवार (26) पुत्र वीरेंद्र खरवार के रूप में हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना पर दोपहर करीब 12:30 बजे फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
एक माह पहले लौटा था सूरत से
परिजनों के अनुसार बादल तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह अपनी मां पुष्पा देवी, छोटे भाई त्रिशु और बहन कोमल के साथ समीर कुमार गुप्ता के किराए के मकान में रहता था। उसके पिता और मंझला भाई सूरत में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि बादल करीब एक माह पहले ही सूरत से घर लौटा था और पिछले दो दिनों से एक पेंट की दुकान पर काम कर रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
