Connect with us

गाजीपुर

गंगा स्नान के दौरान डूबने से 17 वर्षीय छात्र की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

भेड़ धोने के बाद साथियों संग नहाने उतरा था गंगा में, दो घंटे बाद मिला शव

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

गाजीपुर। कुंडेसर थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव निवासी 17 वर्षीय छात्र रोहित पाल उर्फ पीयूष पाल की रविवार सुबह गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, पीयूष पाल पुत्र अमर पाल रविवार सुबह करीब सात बजे अपने साथी दीपक पाल, चंदन पाल तथा अन्य युवकों के साथ गंगा स्नान करने और भेड़ों को धोने के लिए गंगा घाट गया था। भेड़ों को धोने के बाद सभी साथी स्नान करने के लिए गंगा में उतरे। इसी दौरान पीयूष और दीपक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

Advertisement

साथी चंदन पाल ने शोर सुनते ही गंगा में छलांग लगाकर दीपक पाल की जान बचा ली, लेकिन तैरना नहीं जानने के कारण पीयूष गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर स्थानीय मल्लाहों ने करीब दो घंटे तक लगातार तलाश की, जिसके बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया।

मृतक पीयूष पाल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। वह शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज, शेरपुर खुर्द में कक्षा 11 का छात्र था और इसी वर्ष हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण कर इंटरमीडिएट में प्रवेश लिया था।

घटना की सूचना पर शेरपुर कला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। हादसे के बाद मृतक की मां सविता देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page