गाजीपुर
गंगा जल के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय माहौल में शुरू हुआ श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के तेतरिया गांव में आयोजित त्रिदिवसीय श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। पहले दिन बेदी पूजन एवं अन्नाधिवास के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा तट से पवित्र जल लाकर भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली।

गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित गंगा तट से श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र गंगाजल भरकर शोभायात्रा प्रारंभ की। यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं और बच्चे लाल-पीले परिधानों में आकर्षण का केंद्र बने रहे।
गाजे-बाजे तथा ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए यज्ञ मंडप पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
आयोजकों के अनुसार शनिवार को जलाधिवास, पुष्पाधिवास, शय्याधिवास एवं नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। वहीं रविवार, 5 जुलाई को भगवान श्रीहनुमान की प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, भंडारा, प्रसाद वितरण और पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा।
यज्ञाचार्य मंजेश पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
