Connect with us

बलिया

खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी

Published

on

Loading...
Loading...

डीपीआरओ का एक दिन का वेतन रोका, आईजीआरएस शिकायतों और योजनाओं की समीक्षा में दिए सख्त निर्देश

बलिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और आईजीआरएस पोर्टल की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खराब रैंकिंग और योजनाओं में सुस्ती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अनुपस्थित रहने पर डीपीआरओ का वेतन रोका

बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना, फैमिली आईडी और मंडी आय में जिले की ‘सी’ रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

‘ए’ रैंकिंग नहीं आई तो रुकेगा वेतन

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि चालू माह में संबंधित योजनाओं की रैंकिंग ‘ए’ श्रेणी में नहीं पहुंची तो जिम्मेदार अधिकारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय तक कोई भी शिकायत लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारी की सीधे जवाबदेही तय की जाएगी।

Advertisement

सामूहिक विवाह योजना और सड़क निर्माण की भी समीक्षा

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की धीमी प्रगति पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को फटकार लगाते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत से दो से तीन पात्र आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page