गाजीपुर
किसानों की शिकायत पर चक्काबांध पंप कैनाल पहुंचे विधायक प्रतिनिधि, सिंचाई व्यवस्था का लिया जायजा
बंद पड़ी मोटर तत्काल चालू कराई, धान की नर्सरी बचाने के लिए नहरों में नियमित पानी छोड़ने के निर्देश
हफ्तावार सिंचाई व्यवस्था में बदलाव की मांग, किसानों ने त्वरित पहल का किया स्वागत
जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र में भीषण गर्मी और नहरों में पानी की कमी से धान की नर्सरी सूखने की शिकायतों के बीच पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक ओम प्रकाश सिंह के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने शनिवार को चक्काबांध स्थित पंप कैनाल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई व्यवस्था में मिली कमियों को दूर कराने के साथ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में पंप गृह पर स्थापित आठ मोटरों में से सात के संचालन की व्यवस्था होने के बावजूद मौके पर केवल छह मोटरें चालू मिलीं। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जवाब-तलब किया और बंद पड़ी सातवीं मोटर को तत्काल चालू कराते हुए सभी मोटरों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मन्नू सिंह ने बताया कि क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने विधायक से शिकायत की थी कि धान की बुवाई का समय होने के बावजूद नहरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे धान की नर्सरी सूखने लगी है। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए गए।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी का जलस्तर कम होने के कारण मोटरों के जलने का खतरा बना रहता है। इसी वजह से कभी-कभी एहतियातन एक मोटर बंद रखनी पड़ती है। हालांकि वर्तमान में जमानिया पंप हाउस को पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने नहरों की हफ्तावार (टर्न) सिंचाई व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सात दिन पानी और सात दिन बंद रखने की व्यवस्था किसानों के हित में नहीं है। धान की नर्सरी को लगातार पानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से इस व्यवस्था में तत्काल बदलाव कर सभी किसानों को समान रूप से पानी उपलब्ध कराने की मांग की तथा आश्वस्त किया कि रोपाई के समय किसानों की जरूरत के अनुसार नई व्यवस्था लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने विधायक की त्वरित पहल की सराहना करते हुए शीघ्र स्थायी समाधान की उम्मीद जताई।
