Connect with us

गाजीपुर

सावित्री बालिका इंटर कॉलेज के पास जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी, मरम्मत की उठी मांग

Published

on

Loading...
Loading...

यूनियन बैंक से नवीन जायसवाल के मकान तक जलभराव और गड्ढों से आवागमन बाधित

छात्र-छात्राएं और बुजुर्ग रोज हो रहे परेशान, क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज-चोचकपुर मार्ग पर यूनियन बैंक शाखा के पास स्थित बाईपास मार्ग की जर्जर सड़क स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। सावित्री बालिका इंटर कॉलेज बरहपुर-नंदगंज के समीप उत्तर दिशा में यूनियन बैंक से नवीन जायसवाल के मकान तक जाने वाला मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों और स्थायी जलभराव के कारण पूरी तरह बदहाल हो चुका है। इससे राहगीरों, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे अधिक दिक्कत सावित्री बालिका इंटर कॉलेज एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को हो रही है। प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थी इसी मार्ग से विद्यालय आते-जाते हैं। सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी भरे रहने के कारण आए दिन छात्र-छात्राएं तथा बुजुर्ग फिसलकर घायल हो रहे हैं। कई बार बच्चों के कपड़े भी कीचड़ से खराब हो जाते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है, जबकि सामान्य दिनों में भी पानी जमा रहता है। इससे पूरी गली तालाब जैसी दिखाई देती है और आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है।

Advertisement

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी गाजीपुर से मांग की है कि यूनियन बैंक से नवीन जायसवाल के मकान तक की जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page