वाराणसी
करंट की चपेट में आने से बिजली कर्मचारी की मौत
वाराणसी। राजातालाब थाना के पयागपुर गांव में पोल पर चढ़कर बिजली की खराबी को ठीक करते समय संविदा लाइनमैन करेंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने उपकेंद्र पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही।घटना से परिजनों को गहरा आघात लगा है। पिता गुलाब राजभर तथा मां सुमन देवी व पत्नी माया देवी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, टोडरपुर निवासी धर्मराज राजभर (35 वर्ष) बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। वह मंगलवार की शाम पोल पर चढ़कर बिजली की खराबी को ठीक कर रहा था। उसी दौरान करेंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना को लेकर परिजन आक्रोशित हो गए। परिजन शव लेकर उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा करते हुए उचित मुआवजा की मांग करने लगे। सूचना के बाद राजातालाब थाना प्रभारी सुमित्रा देवी व कस्बा चौकी प्रभारी रविकांत चौहान ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
