Connect with us

गाजीपुर

एडीजी पीयूष मोर्डिया ने ली परेड की सलामी

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। रिजर्व पुलिस लाइन गाजीपुर के परेड ग्राउंड में रविवार को ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद कुल 24 टोलियों के 690 रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन और दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए परेड प्रस्तुत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया (आई.पी.एस.) तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला (आई.ए.एस.) उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत प्रातः 8 बजे परेड कमांडर तृतीय द्वारा टोलियों को परेड स्थल पर लाने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा (आई.पी.एस.) के आगमन पर उनका विधिवत स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के पहुंचने पर उन्होंने सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील तथा अपराध के प्रति सख्त रहने का आह्वान किया, जिसे रिक्रूट आरक्षियों ने ध्यानपूर्वक सुना।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई, वहीं मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नवनियुक्त आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसमें का. चन्द्र प्रकाश मणि त्रिपाठी को सर्वांग सर्वोत्तम तथा परेड कमांडर प्रथम घोषित किया गया। परेड कमांडर द्वितीय के रूप में अनूप चौहान और तृतीय के रूप में संदीप दूबे को सम्मानित किया गया। इनडोर परीक्षा में प्रथम स्थान का. प्रशांत सिंह और आउटडोर परीक्षा में प्रथम स्थान का. अविनाश कुमार ने प्राप्त किया।

समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात टोलियों ने अनुशासित ढंग से परेड स्थल से प्रस्थान किया।

अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स श्री शुभम वर्मा (पी.पी.एस.) की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page