बलिया
आश्वासनों की गिट्टी पर अटकी सिकंदरपुर की लाइफलाइन
डीएम के निर्देश और जल निगम के एक सप्ताह के दावे के बावजूद ढाई महीने से अधूरी पड़ी बस स्टेशन-थाना मार्ग की सड़क
सिकंदरपुर (बलिया)। बस स्टेशन चौराहे से थाना मोड़ तक जाने वाली प्रमुख सड़क का निर्माण कार्य प्रशासनिक दावों के बावजूद अब तक पूरा नहीं हो सका है। करीब एक वर्ष पहले जल निगम ने पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी थी, लेकिन आज तक उसका पुनर्निर्माण अधूरा है। सड़क पर केवल गिट्टी बिछाकर कार्य रोक दिए जाने से लोगों में भारी नाराजगी है।
छात्रा के वीडियो पर हरकत में आया था प्रशासन
21 मई को स्कूली छात्रा अंशिका सोनी के वीडियो के वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल सड़क निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए थे। उस समय जल निगम अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा करने का दावा किया था, लेकिन ढाई महीने बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
छात्रों और मरीजों के लिए बढ़ी परेशानी
यह मार्ग चार इंटर कॉलेज, तीन कॉन्वेंट स्कूल और चार अस्पतालों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव और बिखरी गिट्टियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हजारों छात्र, मरीज और राहगीर रोजाना जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य पूरा न होना गंभीर लापरवाही है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
